कुख्यात गैंगस्टर नंदू और उसके साथियों के ठिकानों पर दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस की संयुक्त रेड

विदेश में बैठकर गैंग ऑपरेट कर रहे कुख्यात गैंगस्टर नंदू और उससे जुड़े अन्य साथी गैंगस्टरों के ठिकानों पर दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की है। सुबह सवेरे ही दिल्ली के द्वारका स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर नवीन कुमार की अगुवाई में टीम ने बहादुरगढ़ के  छारा गांव में रोहित नाम के अपराधी के घर छापा मारा।

||Delhi||Nancy Kaushik||विदेश में बैठकर गैंग ऑपरेट कर रहे कुख्यात गैंगस्टर नंदू और उससे जुड़े अन्य साथी गैंगस्टरों के ठिकानों पर दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की है। सुबह सवेरे ही दिल्ली के द्वारका स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर नवीन कुमार की अगुवाई में टीम ने बहादुरगढ़ के  छारा गांव में रोहित नाम के अपराधी के घर छापा मारा। पुलिस को आता देखकर रोहित का भाई मोहित भागने लगा तो तुरंत पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसके कब्जे से पुलिस को 315 बोर का एक लोडेड रिवाल्वर और तो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। हालांकि बदमाश रोहित पुलिस को नहीं मिला। जिसकी तलाश अभी भी जारी है।
डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि दिल्ली के द्वारका की स्पेशल स्टाफ की टीम और हरियाणा पुलिस की टीम ने छापेमारी की है। बताया जा रहा है की 14 जनवरी के दिन छारा गांव के रहने वाले रोहित नाम के बदमाश ने गैंगस्टर नंदू के कहने पर दिल्ली के मटियाला गांव में सुरेंद्र नाम के एक व्यक्ति की हत्या की वारदात को अंजाम दिया था और तभी से रोहित फरार चल रहा है। मृतक सुरेंद्र गैंगस्टर मनजीत माहल का रिश्तेदार था और वह दिल्ली से मुंसिपल काउंसलर का चुनाव भी लड़ चुका था। गैंगवार के चलते ही सुरेंद्र की हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था और रोहित इस मामले में मुख्य आरोपी था। जबकि उसका एक भाई सोहित इसी मामले में 120 बी के तहत आरोपी बनाया गया था। जिसे पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। अब अपराधी रोहित के भाई मोहित को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
हम आपको बता दें कि गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले का रहने वाला है। वह दिल्ली और हरियाणा में अपराध की दुनिया में काफी सक्रिय है। काफी समय पहले गैंगस्टर नंदू और रोहित नाम के बदमाश की मुलाकात एक पार्टी के दौरान हुई थी और दिल्ली पुलिस ने दोनों को एक साथ गिरफ्तार भी किया था। तभी से दोनों की नज़दीकियां बढ़ने लगी और गैंगस्टर नंदू के कहने पर बदमाश रोहित अपराधिक वारदातों को अंजाम देता रहा। उस पर राजधानी दिल्ली और हरियाणा में हत्या समेत आर्म्स एक्ट के तहत भी कई मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल गैंगस्टर नंदू यूरोपियन कंट्री में रहकर गैंग ऑपरेट कर रहा है और जेल में भी वह अन्य गैंगस्टरों को सुविधाएं उपलब्ध कराता रहा है। 
एनआईए की तर्ज पर ही दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ की टीम और हरियाणा पुलिस की टीम ने गैंगस्टर नंदू और उससे जुड़े अपराधियों पर यह छापेमारी की है। मगर मुख्य आरोपी अभी भी फरार हैं। देखना होगा कि पुलिस इन अपराधियों पर कब तक नकेल कस पाती है।